राष्ट्र संवाद संवाददाता
यूसिल जादूगोड़ा, नरवा एवं तुरामडीह क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर जिला बीससूत्री सदस्य टिकी मुखी ने पोटका के विधायक संजीव सरदार से महत्वपूर्ण मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की। मुलाकात के दौरान टिकी मुखी ने क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए कहा कि यूसीआईएल परियोजना क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जादूगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के संसाधनों की भारी कमी है। इसके कारण यहां के छात्र-छात्राओं को बाहर पलायन करना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में कॉलेज, तकनीकी संस्थान एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की मांग की।विकास के मुद्दे पर टिकी मुखी ने कहा कि कई गांव आज भी सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। यूसीआईएल से प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष विकास योजना बनाकर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। विधायक संजीव सरदार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि रोजगार, शिक्षा और विकास से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों एवं यूसीआईएल प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जल्द ही सकारात्मक पहल की जाएगी।

