जामताड़ा में वज्रपात का कहर, शादी समारोह में गिरी आकाशीय बिजली; दो की मौत, दो गंभीर
राष्ट्र संवाद संवादाता
जामताड़ा: जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकादाहा गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू के रूप में हुई है। वहीं शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों घायलों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चारों व्यक्ति चरकादाहा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश और तेज हवाओं से बचने के लिए सभी पास में स्थित एक मिट्टी के घर के किनारे खड़े हो गए।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उस घर पर गिर गई। वज्रपात इतना भीषण था कि विनय सोरेन और विश्वकर्मा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की सहायता से सभी को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

