भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप ने रचाई शादी, अक्षिता राज संग लिए सात फेरे
राष्ट्र संवाद संवादाता
सासाराम के लिए गर्व का क्षण तब देखने को मिला जब भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत विवाह बंधन में बंधकर कर रहे हैं। वाराणसी के एक निजी होटल में आयोजित भव्य विवाह समारोह में आकाशदीप और अक्षिता राज ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, मित्रों के साथ-साथ खेल जगत और समाज के कई प्रतिष्ठित लोग भी मौजूद रहे। वरमाला की रस्म के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ नवविवाहित जोड़े का स्वागत किया। आकाशदीप और अक्षिता की जोड़ी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्साहित नजर आए।
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने अपने क्रिकेट करियर में शानदार प्रदर्शन कर देश और बिहार का नाम रोशन किया है। उनके विवाह की खबर से खेल प्रेमियों और प्रशंसकों में भी खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।
वाराणसी में आयोजित इस विवाह समारोह को बेहद सादगी और भव्यता के साथ संपन्न किया जा रहा है। परिवारजनों ने नवदंपति के सुखद, सफल और खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की। विवाह के इस खास अवसर ने दोनों परिवारों की खुशियों को दोगुना कर दिया है।

