*ईचागढ़ में 250 करोड़ से बनेंगे तीन पावर ग्रिड और पांच विद्युत सब स्टेशन, बिजली संकट दूर करने की तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 250 करोड़ रुपये की लागत से तीन पावर ग्रिड और पांच विद्युत सब स्टेशन बनाए जाने की योजना है। विधायक सविता महतो के प्रयास से प्रस्तावित इन योजनाओं को जल्द प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इनके निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी तथा लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।
प्रस्तावित योजना के तहत 210 करोड़ रुपये की लागत से तीन पावर ग्रिड बनाए जाएंगे। इनमें चांडिल प्रखंड के डोबो रोड कपाली, नीमडीह प्रखंड के हेवेन और ईचागढ़ प्रखंड के मिलन चौक शामिल हैं। वहीं, 40 करोड़ रुपये की लागत से पांच विद्युत सब स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इनके लिए ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय के समीप, कुकड़ू प्रखंड, कांदरबेड़ा, उरमाल और मिलन चौक में स्थल चिह्नित किए गए हैं।
विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र में निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। बिजली की समस्या को देखते हुए नए ग्रिड और सब स्टेशन के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने संबंधित विभाग से आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने की बात कही।
विधायक ने बताया कि चांडिल के दुलमी में नवनिर्मित पावर ग्रिड का उद्घाटन मार्च महीने में किया जाएगा। इसकी जानकारी विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी।

