डीएवी पब्लिक स्कूल में ‘सीखना कैसे सीखें’ विषय पर विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन
सफलता का रहस्य केवल पढ़ाई में नहीं बल्कि सही तरीके से सीखने की कला में छिपा है
राष्ट्र संवाद/बेगूसराय
बोर्ड परीक्षाओं की अंतिम तैयारी के लिए प्रभावी रणनीति विषय पर कक्षा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों के लिए ‘Learn How to Learn’ (सीखना कैसे सीखें) एक विशेष मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल इटवा नगर में आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में चंडीगढ़ से पधारे प्रख्यात मार्गदर्शक आचार्य पवन ने संसाधन व्यक्ति के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पढ़ने के बजाय प्रभावी ढंग से सीखने समझने और सीखी गई बातों को लंबे समय तक स्मरण रखने की कला से परिचित कराना था।आचार्य ने अपने प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली वक्तव्य में विद्यार्थियों को अध्ययन की विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकों समय प्रबंधन एकाग्रता बढ़ाने स्मरण शक्ति को विकसित करने तथा नियमित पुनरावृत्ति के महत्त्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परीक्षा में सफलता केवल अधिक समय तक पढ़ने से नहीं बल्कि सही दिशा में योजनाबद्ध एवं एकाग्रचित्त होकर अध्ययन करने से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक सुव्यवस्थित अध्ययन योजना बनाने कठिन विषयों को प्राथमिकता देने नियमित अभ्यास करने तथा आत्ममूल्यांकन की आदत विकसित करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने सकारात्मक सोच आत्मविश्वास अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की आधारशिला बताया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं एकाग्रता के साथ सहभागिता की और बहुमूल्य सुझावों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा आत्मविश्वास और परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का संचार किया।
विद्यालय की प्राचार्या सह क्षेत्रीय सहायक अधिकारी सबिता ने आचार्य के ऊर्जावान सुझावों से प्रभावित होते हुए यह विश्वास दिलाया कि हमारे विद्यार्थी आपके सुझावों पर अमल करेंगे। प्राचार्या का यह प्रयास विद्यार्थियों को शैक्षणिक रूप से दक्ष बनाने के साथ साथ उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने चुनौतियों का सामना करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करने वाला रहा। गौरतलब बात है कि निस्संदेह यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक अनुभव सिद्ध हुई

