प्रसिद्ध रामायणी रामभजन महतो के निधन से रामायण प्रेमियों में शोक की लहर
राष्ट्र संवाद/
खोदावंदपुर (बेगूसराय)। रामचरित मानस गोष्ठी, तारा बरियारपुर के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध रामायणी 101 वर्षीय रामभजन महतो का शुक्रवार की देर रात उनके आवास पर निधन हो गया. वे बरियारपुर पूर्वी गांव के वार्ड पांच के निवासी थे. उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के रामायण प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गयी. स्वर्गीय रामभजन महतो धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़े रहने के साथ रामचरित मानस के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे. उनके निधन को लेकर क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. वे अपने पीछे पत्नी सरोवती देवी तथा तीन पुत्र शिवनंदन वर्मा, रामनंदन वर्मा एवं जनार्दन प्रसाद वर्मा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन से पत्नी एवं पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है. शनिवार को सिमरिया धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम दर्शन एवं अंत्येष्टि में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, शुभचिंतक और रामायण प्रेमी शामिल हुए. इसकी जानकारी रामचरित मानस गोष्ठी के जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर ने दी.

