चांडिल के बाना गांव में टस्कर हाथी का उत्पात
*दुकान का शटर तोड़ा, आलू-कद्दू खाया और ईंट भट्ठे में सुअरों को किया घायल*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
चांडिल वन क्षेत्र के लुपुंगडीह पंचायत अंतर्गत बाना गांव में शुक्रवार देर रात एक टस्कर हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रात करीब दो बजे जंगल से निकले हाथी ने झंडू महतो की गल्ला दुकान का गेट और शटर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा दुकान में रखा एक बोरा आलू खा गया। इसके बाद लुठू महतो के घर के सामने रखे कद्दू को खाया। फिर विष्णु सिंह सरदार के ईंट भट्ठे में पहुंचकर एक पालतू सुअर को घायल कर दिया और कुछ अन्य सुअरों को उठाकर पटक दिया। हाथी के पहुंचते ही भट्ठे में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, टस्कर का एक दांत टूटा हुआ है और वह काफी आक्रामक है। लोगों को देखते ही दौड़ाने लगता है। ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर और मशाल जलाकर उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन कई प्रयासों के बाद वह जंगल की ओर लौटा। हाथी के उत्पात से ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाथी के गांव में प्रवेश करने की सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग से नियमित निगरानी, त्वरित कार्रवाई और हाथियों से जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

