जमशेदपुर में तीन घंटे का रक्तदान शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रह व 50 पौधों का वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में आनंद मार्ग सार्वभौमिक राहत दल तथा जमशेदपुर रक्त केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन घंटे के रक्तदान शिविर में कुल 30 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसके साथ ही 50 पौधों का वितरण भी किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन से जुड़े सुनील आनंद ने कहा कि मनुष्य को अपने बहुमूल्य समय का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए तथा सेवा के विभिन्न रूपों में शारीरिक सेवा का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि बिना किसी फल की इच्छा के किया गया कार्य निष्काम कर्म कहलाता है और रक्तदान इसी भावना का प्रतीक है, जिससे जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी सदस्य ज्ञान रंजन श्रीवास्तव ने रक्तदाताओं को पौधे एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को बढ़ावा मिलता है तथा जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।

