*नकली सिगरेट फैक्ट्री
राष्ट्र संवाद संवादाता
बिहार के मुजफ्फरपुर में फर्जी सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, 12 लाख की नकली सिगरेट और करोड़ों की मशीनें जब्त
मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी सरैया पंचायत के छोटी लुक्की नंदलालपुरा स्थित चौर में पुलिस ने अवैध और नकली सिगरेट बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।कंपनी के प्रतिनिधि की सूचना पर एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी व थानाध्यक्ष के नेतृतित्व में पुलिस ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान करीब 12 लाख रुपये मूल्य की नकली सिगरेट, सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाली करोड़ों रुपये की आधुनिक मशीनें और भारी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली से आए आईटीसी (ITC) कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि रिशु मिश्रा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देकर अवैध फैक्ट्री के संचालन की जानकारी दी। शिकायत के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ एसी ज्ञानी और तुर्की थानाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने सकरी सरैया पंचायत के छोटी लुक्किनंदलालपुर स्थित चौड़ में संचालित फैक्ट्री पर छापेमारी की। आईटीसी कंपनी के अधिकारियों के साथ जांच की गई, जिसमें पता चला कि यहां लोकप्रिय ब्रांड ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। मौके से 25 कार्टन में पैक तैयार नकली सिगरेट और अत्याधुनिक मशीनें बरामद की गईं
जांच में सामने आया कि यह अवैध कारोबार ‘एसएमएम टोबैको प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से संचालित किया जा रहा था। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर इसी नाम का बोर्ड लगाया गया था, जबकि आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
इसके अलावा तैयार माल रखने के लिए लुक्की क्षेत्र में किराए के दो अलग-अलग मकानों को गोदाम बनाया गया था। पुलिस ने फैक्ट्री और दोनों गोदामों को सील कर दिया है। साथ ही अंचल कार्यालय से जमीन मालिकों का ब्योरा मांगा गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मामले में एसडीपीओ अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया की एक नामी सिगरेट कंपनी के प्रतिनिधि रिशु मिश्रा ने एसएसपी को आवेदन दिया था।जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।काफी मात्रा में सिगरेट मिला है।करोड़ो की मसीन है।इसमे जो भी संलिप्त है उसपर ठोस कार्रवाई की जाएगी।दो गोदाम का सत्यापन किया गया है।दो गोदाम सील कर दिए गए है।फैक्टरी संचालक ने लुक्की में दो अलग अलग जगहों पर किराए के मकान में सिगरेट स्टोर करने के लिए गोदाम ले रखा था।एसडीपीओ ने बताया कि फैक्ट्री मालिक का पता लगाया जा रहा हैP

