जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मालवाहक ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब माल से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पलटते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराने में जुट गई। पुलिस ने लोगों की मदद से सड़क से ट्रक को हटाने की व्यवस्था शुरू कराई, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। ट्रक पलटने के दौरान आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।

