राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाकुलिया थाना क्षेत्र के तलापाल गांव में निर्माणाधीन पुलिया स्थल से बीते दिनों अज्ञात चोरों द्वारा लोहे की सामग्री चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में संवेदक ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में चोरी गए सभी सामान को पश्चिम बंगाल के जामबनी थाना अंतर्गत गिधनी स्थित “मां मनसा ट्रेडिंग टाल” से बरामद कर लिया गया। इस मामले में टाल मैनेजर शिवम दत्ता को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिवम दत्ता के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी कर सामान बेचने वाले आरोपी तरुण महतो (निवासी कांटाबनी, चाकुलिया) को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की सामग्री ढोने में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जब्त सामग्रियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस चोरी कांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

