चोरी-छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुलिस ने चोरी और छिनतई गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एसआईटी ने एमजीएम अस्पताल के पास कार्रवाई कर तुषार कालिंदी, सन्नी कालिंदी, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता और सावन देवगम को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 33 मोबाइल फोन, दो चोरी की स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

