गुरुवार से शुरू हुआ वर्ष 2026, कदमा में साईं महोत्सव धूमधाम से संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। वर्ष 2026 की शुरुआत गुरुवार से होने के अवसर पर कदमा स्थित रामनगर साईं मंदिर में साईं महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। 31 दिसंबर 2025 की रात सेज आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें पंडित शेषनाथ गोस्वामी ने साईं भक्तों के सुखद नववर्ष, दर्शन एवं प्रसाद की कामना की।
नववर्ष के दिन गुरुवार को सुबह कांकड़ आरती के साथ साईं बाबा का स्नान, श्रृंगार, भजन-कीर्तन एवं भोग वितरण किया गया। साईं परिवार की ओर से देर शाम तक आरती, भोग एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साईं भक्तों ने भाग लिया और “जय साईं राम” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत भारती एवं रंजीत गोस्वामी ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्ष 2026 गुरुवार से प्रारंभ होने के कारण, परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी साईं महोत्सव का आयोजन किया गया। अंग्रेजी नववर्ष के पहले गुरुवार को बाबा को नए वस्त्र पहनाए गए, फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया तथा खिचड़ी-खीर का भोग अर्पित किया गया।
भजन संध्या में जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन कलाकार अजय एवं उनकी टीम ने गणेश वंदना, “शिरडी वाले साईं बाबा” और “साईनाथ तेरे हजारों हाथ” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। समारोह को सफल बनाने में मंदिर कमेटी एवं साईं परिवार के सदस्यों सहित अनेक श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।

