पुरियारा मोड़ से रामनगर के बीच सड़क धंसी, ग्रामीणों का आवागमन ठप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नीमडीह : प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खासकर पुरियारा मोड़ से रामनगर के बीच की सड़क धंस जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह महत्वपूर्ण सड़क दर्जनों गांवों को नीमडीह प्रखंड मुख्यालय से जोड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गड्ढा इतना बड़ा हो गया है कि दोपहिया और चारपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। यहां तक कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। खासकर शाम के समय सड़क पर दिखाई न देने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
झिमड़ी, लकड़ी और चिंगड़ा पार्किंडीह पंचायत के ग्रामीणों के लिए यह सड़क रघुनाथपुर बाजार, स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड मुख्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग है। यही रास्ता ट्रैक्टर, बाइक, चारपहिया वाहन और अस्पताल के ममता वाहन के लिए भी प्रयोग होता है। लेकिन पिछले एक सप्ताह से सड़क के धंस जाने के बाद से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की है, ताकि जनजीवन सामान्य हो सके और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका भी समाप्त हो।

