‘सुर ओ साथियों’ संस्था ने रेड क्रॉस परिसर में बहुभाषी सांस्कृतिक प्रतियोगिता का किया आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सुर ओ साथियों संस्था की ओर से रेड क्रॉस सोसाइटी प्रांगण में बहुआयामी सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुकिंग, चित्रकला, नृत्य, गायन सहित कई विधाओं में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
संस्था के सचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि संस्था पिछले करीब 8 वर्षों से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी-अपनी मातृभाषा में प्रस्तुति देने का अवसर मिलता है। तमिल, नेपाली, बंगाली, छत्तीसगढ़ी सहित कई भाषाओं में प्रतियोगिताएं कराई गईं।
इस प्रतियोगिता में नेपाल, छत्तीसगढ़, असम, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग में मातृभाषा के प्रति सम्मान और बच्चों में अपनी भाषा के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
13 दिसंबर से 21 दिसंबर तक चली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन 13 दिसंबर को हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। अलग-अलग दिनों में शहर के कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

