नगर निकाय चुनाव को लेकर मानगो में एनसीपी की बैठक, मतदाता पुनरीक्षण व जाति प्रमाण पत्र पर उठी मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: आगामी झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर एनसीपी की एक महत्वपूर्ण बैठक मानगो क्षेत्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मानगो नगर निकाय क्षेत्र के प्रभारी तन्मय सरकार ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष सौरव ओझा ने किया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन पांडेय उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड में शीघ्र ही नगर निकाय चुनाव की घोषणा के संकेत मिल रहे हैं और चुनाव आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण एवं एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
डॉ. पांडेय ने बताया कि एनसीपी ने राष्ट्रीय चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मांग की है कि मतदाता पुनरीक्षण के साथ-साथ जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को भी सुगम बनाया जाए, ताकि तकनीकी कारणों से नामांकन रद्द होने और उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से वंचित होने की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक है।
बैठक में जितेंद्र मिश्रा, कन्हैया अग्रवाल, विनोद सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

