23 अप्रैल से गोलमुरी में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, भव्य कलश यात्रा से होगा नौ दिवसीय अनुष्ठान का आगाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित न्यू केबुल टाउन सामुदायिक भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई 2026 तक श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
परमश्रद्धेय गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा ने यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्म और सद्कर्म जीवन को सार्थक बनाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की और बताया कि इस आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शांति का संचार होगा।

आयोजन समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि 23 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। यह यात्रा ओल्ड केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से शुरू होकर यज्ञ स्थल तक पहुंचेगी, जिसमें सुल्तानगंज से लाए गए पवित्र गंगाजल के साथ हजारों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं शामिल होंगी।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 8:30 बजे तक भजन, कीर्तन और प्रवचन का आयोजन होगा। प्रसिद्ध कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा और प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति का संदेश देंगे। वहीं बनारस के आचार्य लाल मोहन शास्त्री 21 सदस्यीय दल के साथ वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे।
यज्ञ स्थल पर पांच कुंडीय यज्ञशाला का निर्माण किया गया है और 108 देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से पूरे परिसर को भव्य रूप दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल, सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल को केसरिया ध्वज और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जबकि 1 मई को पूर्णाहुति और महाभंडारा किया जाएगा। 2 मई को रामार्चा पूजा और प्रसाद वितरण के साथ इस धार्मिक आयोजन का समापन होगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

