कांग्रेस ने सरदार पटेल जयंती और इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि
तिलक पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के योगदान को किया याद, राहुल गांधी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का किया उल्लेख
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव ने की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने सरदार पटेल के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और आजादी के बाद 562 रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद किया। वहीं इंदिरा गांधी के नेतृत्व, बैंकों एवं कोयला उद्योग के राष्ट्रीयकरण तथा 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके निर्णायक योगदान की चर्चा की गई।
नेताओं ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए दोनों नेताओं का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस दौरान राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष (संगठन) संजय सिंह आजाद ने किया।

