राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसपी कार्यालय में पुलिस अधिकारियों ने ली शपथ, देश की एकता-अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर स्थित एसएसपी कार्यालय में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, एएसपी ऋषभ त्रिवेदी सहित एसएसपी कार्यालय के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली।
इस दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। साथ ही देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने और देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
शपथ के माध्यम से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और देश के एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। सभी ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

