मतदाता सूची से नाम हटने का फर्जी संदेश भेजकर साइबर ठगी की कोशिश, अनजान लिंक पर क्लिक न करें : उपायुक्त
राजीव रंजन ने मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की, निर्वाचन विभाग की ओर से नहीं भेजा जा रहा ऐसा कोई संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 31 अक्टूबर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाताओं को निशाना बनाकर साइबर ठगी की आशंका जताई गई है। साइबर अपराधियों द्वारा ई-मेल, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से “Your name has been removed from the draft voter list” यानी आपका नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटा दिया गया है, जैसे भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं। इन संदेशों के साथ संदिग्ध लिंक भी दिए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से लोगों की निजी एवं संवेदनशील जानकारी हासिल करने या आर्थिक ठगी करने की कोशिश की जा सकती है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी मतदाताओं से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्वी सिंहभूम की निर्वाचन शाखा अथवा राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इस तरह का कोई संदेश नहीं भेजा जा रहा है। इसलिए ऐसे संदेशों से घबराने की जरूरत नहीं है और न ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना चाहिए।
उपायुक्त ने मतदाताओं को आगाह किया कि किसी भी परिस्थिति में अनजान लिंक के माध्यम से अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति जानने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ अथवा संबंधित निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय से ही संपर्क करें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे संदिग्ध संदेशों को बिना पुष्टि किए आगे प्रसारित न करें। साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इस साइबर ठगी के संभावित तरीके के प्रति जागरूक करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता, सावधानी और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करना बेहद जरूरी है।

