कर व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव से आमजन को राहत, वहीं अपराध बढ़ने से व्यापारी वर्ग दहशत में : काली शर्मा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने संबोधन में जीएसटी सुधारों की दिशा में संकेत दिए थे। उसी क्रम में नई दिल्ली में हुई बैठक में 12% और 28% जीएसटी स्लैब को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली ने कहा कि यह कदम न केवल आम उपभोक्ताओं पर कर का बोझ कम करेगा, बल्कि किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ी राहत देगा। साथ ही MSME उद्योगों एवं स्टार्टअप्स को नई गति मिलेगी और मध्यमवर्गीय परिवारों, महिलाओं व युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने इसे Ease of Living और Ease of Doing Business को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला कदम बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।

इसी बीच, शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने व्यापारी वर्ग को चिंता में डाल दिया है। काली शर्मा ने कहा कि अपराध की वारदातों से ग्राहक प्रभावित हो रहे हैं और व्यापारी रात तक दुकान बंद करने को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उद्यमी कृष्णा शर्मा काली ने पुलिस गश्त बढ़ाने और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, ताकि व्यापारी निडर होकर कारोबार कर सकें।

एक ओर केंद्र सरकार का कर सुधार आम जनता और उद्योग जगत के लिए राहत लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर अपराध की घटनाओं ने व्यापार जगत की चिंता बढ़ा दी है।

