बंटी सिंह के पीछे छिपे नकाबपोश का प्रशासन करे पर्दाफाश : संजय सिंह हितैषी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के महामंत्री आर.के. सिंह को बंटी सिंह द्वारा खुलेआम धमकी दिए जाने की झारखंड क्षत्रिय संघ की टेल्को इकाई के अध्यक्ष व छठ पूजा समिति, आमबगान के अध्यक्ष संजय सिंह हितैषी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की हरकतें औद्योगिक माहौल को खराब करने का प्रयास हैं।
संजय सिंह हितैषी ने प्रशासन से मांग की कि बंटी सिंह के पीछे जो भी नकाबपोश ताकतें छिपी हैं, उनका पर्दाफाश किया जाए। उन्होंने कहा कि आर.के. सिंह ने वर्ष 2017 से मजदूर हित में कई महत्वपूर्ण कार्य और समझौते किए हैं, बावजूद इसके उन पर व्यक्तिगत आरोप लगाना और धमकी देना बेहद निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंटी सिंह ठेका और व्यवसायिक हितों के लिए कंपनी पर दबाव बनाकर श्रेय लेना चाहते हैं। टाटा मोटर्स प्रबंधन से उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों का विरोध करने और मजदूरों व कंपनी के बीच तालमेल बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षत्रिय संघ का प्रयास रहेगा कि मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझे और सामाजिक सौहार्द बना रहे।

