स्वर्गीय के. के. सिंह की स्मृति में आयोजित 800वें नेत्र ज्योति महायज्ञ का समापन, रघुवर दास बोले— रेड क्रॉस और राम मनोहर लोहिया नेत्रालय हैं आशा की किरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 6 जनवरी। स्वर्गीय के. के. सिंह की स्मृति में बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित 800वें नेत्र ज्योति महायज्ञ का समापन समारोह सोमवार को संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहे।

रघुवर दास ने कहा कि आज के समय में शिक्षा और उपचार आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं, ऐसे में रेड क्रॉस सोसाइटी और राम मनोहर लोहिया नेत्रालय जैसी संस्थाएं जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण हैं। उन्होंने पिछले 30–32 वर्षों से लगातार चल रहे नेत्र शिविरों और चिकित्सकों की सेवा भावना की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक अभीजीत अविनाश नानोती ने सीएसआर के माध्यम से संस्था से जुड़कर जरूरतमंदों की सेवा को संतोषजनक बताया। इस अवसर पर 258 नेत्र ऑपरेशन से जुड़े चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने शिविर की जानकारी दी। नेत्रालय अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि शिविर संयोजक विकास सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समापन अवसर पर नेत्र रोगियों को चश्मा, दवाएं और उपहार स्वरूप कंबल प्रदान कर शिविर के सफल समापन की घोषणा की गई।

