दरवाजे पर खड़ी बाइक चोरी, परिजन परेशान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव में बुधवार की देर रात दरवाजे पर खड़ी बाइक चोरी हो गयी. घटना के बाद पीड़ित परिवार परेशान हैं. मामले को लेकर चलकी गांव के वार्ड आठ निवासी नथुनी यादव के पुत्र पप्पू कुमार ने गुरुवार को खोदावंदपुर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बुधवार की रात उसने अपनी बाइक बीआर 09 एजी 4339 दरवाजे पर खड़ी की और घर के अंदर सोने चला गया. गुरुवार की अहले सुबह जब वह सोकर उठा तो दरवाजे पर बाइक नहीं मिली. इसके बाद आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की गयी, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना की सूचना मिलने के बाद खोदावंदपुर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है. पुलिस बाइक की बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है.
