टाटा स्टील ने केक काटकर किया नववर्ष 2026 का स्वागत, अधिकारियों ने जताया नई चुनौतियों के लिए तैयार रहने का भरोसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की स्टील निर्माता कंपनी टाटा स्टील की ओर से गुरुवार को नववर्ष 2026 के अवसर पर केक काटकर नए साल की शुरुआत की गई। यह कार्यक्रम रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक श्री टीवी नरेन्द्रन, वाइस प्रेसिडेंट श्री डी.बी. सुंदरा रमाम, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष श्री टुन्नू चौधरी, जुस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्री रघुनाथ पांडे, चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक एवं टाटा स्टील के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में टाटा स्टील के अधिकारियों ने शहरवासियों एवं कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आने वाले समय की चुनौतियों व योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नया साल नई चुनौतियों और नई उम्मीदों के साथ आगे बढ़ने का अवसर लेकर आया है, जिसके लिए टाटा मैनेजमेंट पूरी तरह तैयार है। टाटा प्रबंधन सभी के सहयोग से निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को केक खिलाकर नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं और नए साल के लिए सकारात्मक संकल्प व्यक्त किए।

