झारखंड विधानसभा में प्रभारी सचिव माणिक लाल हेमब्रम का विदाई समारोह सम्पन्न
राष्ट्र संवाद सं
रांची: झारखंड विधानसभा सभागार में सेवानिवृत्त प्रभारी सचिव श्री माणिक लाल हेमब्रम के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय अध्यक्ष झारखंड विधानसभा, श्री रबीन्द्रनाथ महतो सम्मिलित हुए।
श्री माणिक लाल हेमब्रम, जो संयुक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे और सचिव के प्रभार का दायित्व निभा रहे थे, दिनांक 30 नवंबर 2025 को 37 वर्षों की उत्कृष्ट सरकारी सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हुए। अपने दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने बिहार विधानसभा सचिवालय तथा झारखंड विधानसभा सचिवालय में विभिन्न शाखाओं एवं समितियों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वर्ष 2013 में वे संयुक्त सचिव के पद पर प्रोन्नत हुए और अंतिम समय तक प्रभारी सचिव के रूप में सेवाएं दीं।
उसी अवसर पर संयुक्त सचिव श्री रंजीत कुमार ने आज ही झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव का पदभार ग्रहण किया।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए माननीय अध्यक्ष महोदय ने कहा कि विदाई सेवा जीवन का मार्मिक क्षण होता है, किंतु सेवा में प्रवेश के दिन ही सेवानिवृत्ति की तिथि निश्चित हो जाती है। उन्होंने श्री हेमब्रम की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
प्रभारी सचिव श्री रंजीत कुमार सहित सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी श्री हेमब्रम के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किए।

