टाटा पावर मजदूर यूनियन ने उप श्रमायुक्त को सौंपा 8 सूत्री मांग पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर टाटा पावर मजदूर यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जोजो बेड़ा स्थित टाटा पावर में कार्यरत मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर उप श्रमायुक्त को 8 सूत्री मांग पत्र सौंपा. इस दौरान यूनियन प्रतिनिधियों ने वर्षों से कार्यरत मजदूरों के हितों की रक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी. मांग पत्र में कहा गया कि 5, 10 एवं 20 वर्षों से निरंतर कार्यरत मजदूरों को उनकी दक्षता और अनुभव के अनुरूप अपग्रेड किया जाए, ताकि उन्हें बेहतर कार्य अवसर और सम्मान मिल सके. महिला मजदूरों के बच्चों के लिए क्रेच यानी पालना घर की समुचित व्यवस्था किए जाने की भी मांग की गई. यूनियन ने ठेका परिवर्तन की स्थिति में मजदूरों को उसी कार्यस्थल पर नियोजित रखने, वेतन भुगतान से पूर्व सभी मजदूरों को पेमेंट स्लिप उपलब्ध कराने और सभी मजदूरों को वार्षिक अवकाश एवं बोनस की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी. इसके साथ ही टाटा पावर की परमानेंट प्रक्रिया में वर्षों से कार्यरत मजदूरों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि 30 दिन कार्य करने पर मजदूरों को ओवरटाइम का दोगुना भुगतान किया जाए और छुट्टी के दिन कार्य कराने की स्थिति में मजदूरों को एक दिन का प्रतिपूरक अवकाश दिया जाए. अंबुज ठाकुर ने बताया कि उप श्रमायुक्त ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए बिंदुवार जांच का आश्वासन दिया. उन्होंने शीघ्र ही टाटा पावर प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता आयोजित कराने की बात कही, ताकि समस्याओं का समाधान निकाला जा सके.

