टाटा मोटर्स में केक काटकर नववर्ष 2026 का स्वागत, गुणवत्ता व सुरक्षा पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स में वर्ष 2026 की शुरुआत जनरल ऑफिस एवं विभिन्न डिविजनों में केक काटकर और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देकर की गई। जनरल ऑफिस में आयोजित कार्यक्रम में प्लांट हेड सुनील तिवारी, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटा।
इस अवसर पर प्लांट हेड सुनील तिवारी ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्पादन और बिक्री सामान्य से कम रही, लेकिन जीएसटी के नए स्वरूप के बाद मांग में तेजी आई है। आने वाले समय में बढ़ती मांग को देखते हुए जमशेदपुर प्लांट गुणवत्ता, सुरक्षा और समय पर आपूर्ति के साथ आगे बढ़ेगा।
महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि कर्मचारियों ने हर परिस्थिति में गुणवत्ता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्पादन किया है और भविष्य में भी सभी लक्ष्य पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम में एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सैमिक राय सहित वरीय पदाधिकारी व यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

