
तेघड़ा में इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन, मोदी-शाह और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम के तहत निकाला अर्थी जुलूस; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे व गिरफ्तारी की मांग
बेगूसराय राष्ट्र संवाद ब्यूरो
‘संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम के तहत इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को तेघड़ा में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रखंड कांग्रेस कार्यालय से नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक पुतलों की अर्थी निकाली गई। जुलूस तेघड़ा के विभिन्न मार्गों से होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’, ‘लोकतंत्र जिंदाबाद’ और ‘इंडिया गठबंधन जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
प्रखंड मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने पुतलों को सड़क पर रखकर नारेबाजी की और बाद में तीनों पुतलों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग की। राहुल गांधी और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की भी आलोचना की गई।
कांग्रेस नेता श्रवण कुमार ने कहा कि वोट काटे जाना लोकतंत्र की हत्या से भी बड़ा मामला है। वहीं भाकपा के रविंद्र कुमार ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। राजद के कामदेव यादव ने आरोप लगाया कि सरकार और चुनाव आयोग की मिलीभगत से जनादेश की हत्या की गई है। उन्होंने भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग के काम करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही। जिला सचिव रवि रंजन कुमार ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही को लेकर विरोध जारी रखने की बात कही ।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार, नगर अध्यक्ष रणधीर मिश्रा, जिला सचिव रवि रंजन कुमार, सरोज पासवान, सुबोध कुमार, अताउर रहमान, ब्रजकिशोर चौधरी,राजद के मकबूल आलम, कामदेव यादव, भाकपा के रविंद्र कुमार, मोहम्मद हसमत उर्फ बालाजी, सीपीएम के रमेश सिंह, वीआईपी प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र साहनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

