राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपोखरी गांव में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खेत की जुताई के दौरान मिट्टी के नीचे दबा एक संदिग्ध विस्फोटक जैसा पदार्थ बरामद हुआ। समय रहते ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सोनपोखरी गांव निवासी विजय हेम्ब्रम के खेत में ट्रैक्टर चालक शिव चरण महतो जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के नीचे किसी भारी वस्तु के आने का आभास हुआ। चालक ने तुरंत ट्रैक्टर रोककर जांच की तो मिट्टी में दबा करीब दो फीट लंबा और लगभग 30 किलोग्राम वजनी जंग लगा धातु का एक गोला दिखाई दिया। इसकी बनावट मोर्टार शेल या बम जैसी प्रतीत होने पर चालक और खेत मालिक ने सतर्कता बरतते हुए उसे छूने या हटाने का प्रयास बंद कर दिया।
घटना की सूचना ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर मनोहरपुर के डीएसपी डेविड ए. डोडराय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद वस्तु पुराना मोर्टार शेल हो सकता है। हालांकि इसकी वास्तविकता और सक्रियता की पुष्टि बम निरोधक दस्ते तथा विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी।
गनीमत रही कि जुताई के दौरान कोई विस्फोट नहीं हुआ। यदि संदिग्ध वस्तु सक्रिय होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे क्षेत्र में इस रहस्यमयी धातु के गोले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

