मंडल कारा जामताड़ा का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त मिली
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह मंडल कारा जामताड़ा का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से पुलिस बल के साथ कारा परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी वार्डों और बैरकों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, मुलाकाती व्यवस्था, कारा परिसर की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, वेंटिलेशन, शौचालयों की स्वच्छता तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बंदियों को समय पर बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कारा प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा कारा में आने-जाने वाले लोगों और उनके द्वारा लाई जाने वाली सामग्रियों की सघन जांच की जाए। बिना जांच किसी भी खाद्य सामग्री या अन्य वस्तु को कारा परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं देने को कहा गया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कारा प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी कारा अधीक्षक, एसडीपीओ, अंचल अधिकारी सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

