नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. केंद्र ने चार हाई कोर्ट में कुल 30 जजों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. इन नियुक्तियों में सबसे ज्यादा 15 जज मद्रास हाई कोर्ट को मिले हैं. माना जा रहा है कि नए जजों की नियुक्ति से अदालतों में खाली पड़े पदों को भरने और लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे में मदद मिलेगी. इन नियुक्तियों में एमपी के लिए 1 जज की नियुक्ति की गई है.
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन 30 नियुक्तियों में 20 वकील और 10 न्यायिक अधिकारी शामिल हैं. राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम से विचार-विमर्श के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है. अब नए जज आने वाले दिनों में शपथ लेकर अपना कार्यभार संभाल सकते हैं. इस कदम का उद्देश्य रिक्त पदों को भरना और लंबित मामलों के बोझ को कम करना है.
मद्रास हाई कोर्ट को सबसे ज्यादा 15 जज
चार हाई कोर्ट में सबसे ज्यादा नियुक्तियां मद्रास हाई कोर्ट में हुई हैं. यहां कुल 15 जज नियुक्त किए गए हैं. इनमें पांच स्थायी जज और 10 अतिरिक्त जज शामिल हैं. पांच स्थायी जजों में कृष्णास्वामी गोविंदराजन, रजनीश पथियिल, नटराजन रमेश, जीके मुथुकुमार और रामकृष्णन राजेश विवेकानंथन शामिल हैं. वहीं, बार से आठ अतिरिक्त जज नियुक्त किए गए हैं और सात न्यायिक अधिकारियों को भी अतिरिक्त जज के तौर पर पदोन्नत किया गया है.
कलकत्ता हाई कोर्ट में 8 नियुक्तियां
कलकत्ता हाई कोर्ट में आठ नए अतिरिक्त जज नियुक्त किए गए हैं. ये सभी बार से आए हैं. इन नियुक्तियों का सबसे बड़ा मकसद अदालतों में खाली पदों को भरना और लंबित मामलों के निपटारे की रफ्तार बढ़ाना है. इनमें आर्यक दत्ता, अतरूप बनर्जी, संदीप कुमार डे, पार्थ प्रतीम रॉय, सुदीप देब, अनुज सिंह, अर्जुन रे मुखर्जी और रिशाद मेडोरा शामिल हैं.
कर्नाटक में 6 और मध्य प्रदेश में 1 जज
कर्नाटक हाई कोर्ट में छह अतिरिक्त जज नियुक्त किए गए हैं. ये सभी बार से हैं. इन 6 न्यायाधीशों में राघवेंद्र एस श्रीवत्स, हेमा कुलकर्णी, सुब्रमण्य रंगाराव, तडागावाड़ी प्रकाश विवेकानंद, प्रमोद बक्केश्वर और शांति भूषण होम्बेगौड़ा का नाम शामिल है. वहीं, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता अमित लाहोटी को अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया है. इस तरह चारों हाई कोर्ट में कुल 30 नई नियुक्तियां हुई हैं.

