पुलिस अधीक्षक ने जामताड़ा थाना और डायल-112 नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने गुरुवार को जामताड़ा थाना एवं जिला नियंत्रण कक्ष/डायल-112 का औचक निरीक्षण कर थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में लंबित गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि सभी लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने थाना क्षेत्र में नियमित और सघन गश्ती बढ़ाने, बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया ताकि आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
उन्होंने चोरी और गृहभेदन जैसे मामलों के शीघ्र उद्भेदन तथा संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि थाना आने वाले आमजन के साथ शालीनता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बालिका विद्यालयों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों के आसपास विशेष गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने और सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी एवं दृढ़ता के साथ करने को कहा।
इसके अलावा अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री, अवैध बालू उत्खनन, जुआ, लॉटरी जैसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। डायल-112 नियंत्रण कक्ष में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागूरी उपस्थित रहे।

