उपायुक्त ने डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया, शीघ्र संचालन के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को अग्निशामक कार्यालय के समीप निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण कर इसके संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाइब्रेरी परिसर में स्थापित कंप्यूटर सेट और अन्य तकनीकी उपकरणों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने लाइब्रेरी के संचालन में आ रही तकनीकी और गैर-तकनीकी बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी को शीघ्र शुरू करने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह सुविधा जिले के विद्यार्थियों, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इससे छात्रों को आधुनिक संसाधनों के माध्यम से बेहतर अध्ययन सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंच मिल सकेगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लाइब्रेरी की सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से दुरुस्त करने तथा संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर प्रभारी नजारत उप समाहर्ता सह जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

