पुलिस अधीक्षक ने किया नारायणपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पूर्व निर्धारित वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने नारायणपुर थाना का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, संधारित अभिलेखों, पंजियों एवं विभिन्न कांडों से संबंधित संचिकाओं की गहन जांच की गई। साथ ही थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। चौकीदारों की परेड लेकर उनके बीट क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें अपने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने को कहा गया।
नारायणपुर क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया। आगामी बकरीद एवं मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

