रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद पर झामुमो समर्थित उम्मीदवार सन्नी उरांव के विजयी घोषित होते ही शहर का राजनीतिक माहौल उत्सव में बदल गया। जीत की घोषणा के बाद विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों की ओर से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया। इसी क्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक जिला उपाध्यक्ष राखी सलूजा ने अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सन्नी उरांव का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान फूल-मालाओं से लादकर और मिठाइयाँ खिलाकर उनकी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया गया। राखी सलूजा ने कहा कि यह जीत चक्रधरपुर की जनता के विश्वास और विकास की अपेक्षाओं की जीत है। उन्होंने विश्वास जताया कि सन्नी उरांव नगर परिषद क्षेत्र में पारदर्शिता, स्वच्छ प्रशासन और समग्र विकास की नई मिसाल कायम करेंगे। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी नगर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई। समारोह के दौरान ‘एकता जिंदाबाद’ और ‘विकास की राह पर चक्रधरपुर’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा, जिससे पूरे क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

