एकेडमिक अवॉर्ड समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: झारखंड ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से आयोजित वार्षिक एकेडमिक अवॉर्ड समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावक, शिक्षक और कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्रों को सम्मान-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। फाउंडेशन के रियाज शरीफ ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाना है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन आगे भी शिक्षा और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताते हुए अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया गया।

