
आजादनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरा- तफरी मच गई. ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित बहरा मैदान के समीप अज्ञात कारणों से शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया. इस दौरान हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए. दोनों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है. घटना के संबंध में मोहम्मद सद्दाम ने बताया कि उनकी बहन के घर पर अचानक 10 से 20 युवक पहुंचे थे. सभी उनके भाई को खोज रहे थे. इस दौरान आरोपियों ने उनके बड़े भाई के साथ मारपीट की. इसकी जानकारी मिलने पर सद्दाम कपाली से मौके पर पहुंचे. उन्हें देखते ही युवक वहां से भागने लगे. सद्दाम के अनुसार, आरोपियों का पीछा किए जाने के दौरान चना वसीम और उसके साथ मौजूद तीन से चार युवकों ने मस्जिद के पास गोलियां चला दीं. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके भतीजे पर भी पिस्टल तान दी थी. इसी बीच साकिब नूर को गोली लग गई. वहीं, उसे बचाने के लिए आगे आए परवेज भी गोलीबारी की चपेट में आकर जख्मी हो गए. सद्दाम ने चना वसीम पर पूर्व में आपराधिक मामलों में संलिप्त रहने और हाल ही में जेल से रिहा होने का आरोप लगाया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

