महाराष्ट्र की युवती से लूटपाट मामले में सुंदरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेम्पो चालक समेत दो गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। महाराष्ट्र की रहने वाली एक युवती के साथ हुई लूटपाट की घटना का खुलासा करते हुए सुंदरनगर थाना पुलिस ने टेम्पो चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना 19 सितंबर की है, जब युवती अपने प्रेमी शुभांकर रावत से मिलने जमशेदपुर आई थी।
जानकारी के अनुसार, युवती टाटानगर स्टेशन पर पहुंचने के बाद मानगो जाने के लिए एक टेम्पो में सवार हुई थी। लेकिन टेम्पो चालक और उसके दो साथी भी वाहन में सवार हो गए। मानगो जाने के बजाय टेम्पो चालक ने सुंदरनगर थाना क्षेत्र के भूरिडीह फाटक के पास टेम्पो रोक लिया और वहां युवती से पर्स, बैग, मोबाइल फोन और नकद राशि लूट ली।
इस दौरान बदमाशों ने युवती के प्रेमी शुभांकर रावत के साथ भी मारपीट की। पीड़ित जोड़े ने 20 सितंबर को सुंदरनगर थाना में मामला दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी अजित कुमार मुंडा ने बताया कि मामले की जांच के बाद टेम्पो चालक सचिन महतो और सोहन गोप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

