विकसित भारत में छात्र-छात्राएं निभाएंगे अहम रोल :राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
धनबाद। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आज आयोजित 45वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने 1880 छात्र-छात्राओं को डिग्री और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें 33 गोल्ड मेडलिस्ट और 37 सिल्वर मेडलिस्ट शामिल रहे।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और झारखंड सरकार के मंत्री सोनू समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में यहां के छात्र-छात्राएं अहम भूमिका निभाएंगे।
बरवाअड्डा हवाई अड्डे से पहुंचीं राष्ट्रपति का आईआईटी आईएसएम परिसर में भव्य स्वागत किया गया। बारिश के बावजूद समारोह में उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के मद्देनजर 8 आईपीएस, 25 डीएसपी और 800 पुलिस पदाधिकारी तैनात थे।

सम्मानित छात्रों ने कहा कि उन्होंने कभी सपनों में भी नहीं सोचा था कि राष्ट्रपति के हाथों मेडल और डिग्री प्राप्त करेंगे। उनकी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल हुआ है। छात्राओं ने कहा कि वे महामहिम की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी।


