डुमरिया एकलव्य विद्यालय में चयनित छात्र-छात्राओं को अब तक प्रवेश नहीं, अभिभावक नाराज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पोटका प्रखंड के डुमरिया स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में सत्र 2024-25 के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को अब तक विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया गया है। इससे अभिभावकों में गहरी नाराजगी और निराशा देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार चयनित विद्यार्थियों का नामांकन पूरा कर उन्हें 15 नवंबर 2024 को धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड स्थित एकलव्य विद्यालय में पहली बार बुलाया गया था, जहां 28 अप्रैल 2025 तक नियमित कक्षाएं चलीं। इसके बाद ग्रीष्मावकाश घोषित किया गया और अभिभावकों को बताया गया कि आगे से छात्रों को डुमरिया नंगलासा, पोटका स्थित विद्यालय में आना होगा।

लेकिन 11 जून 2025 से अब तक बच्चों को विद्यालय में नहीं बुलाया गया, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर अभिभावकों ने मंगलवार को उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपा और मांग की कि चयनित छात्रों को शीघ्र प्रमोशन देते हुए सितम्बर माह के पहले सप्ताह तक विद्यालय एवं छात्रावास में बुलाने की व्यवस्था की जाए।
अभिभावकों ने स्पष्ट कहा है कि बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है और इस दिशा में प्रशासन को शीघ्र ठोस कदम उठाने होंगे।

