मुआवजे पर अड़ी टकराहट, ठेका मजदूर की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन से वार्ता विफल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पुष्कर टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ठेका मजदूर की मौत के बाद मुआवजे को लेकर विवाद गहरा गया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई वार्ता बेनतीजा रही, जिससे कंपनी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मृतक आजाराम महतो के परिजनों के साथ कंपनी पहुंचकर मुआवजे की मांग की और प्रबंधन पर मजदूर की “बोली” लगाने का आरोप लगाया।
मोर्चा नेता प्रेम मार्डी ने कहा कि आजाराम महतो की मौत कार्य के दौरान हुई थी, जिसके बाद कंपनी द्वारा 6 से 7 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि संगठन ने इसे अपर्याप्त बताते हुए अस्वीकार कर दिया। नेताओं का तर्क है कि 27 वर्षीय मृतक यदि जीवित रहता तो कम से कम 60 वर्ष की आयु तक अपने परिवार का भरण-पोषण करता, ऐसे में कुछ लाख रुपये देकर मामले को समाप्त करना न्यायसंगत नहीं है। मोर्चा ने मांग की है कि मृतक के संभावित शेष कार्यकाल के आधार पर अनुमानित वेतन की गणना कर उचित मुआवजा दिया जाए। संगठन के विदेश्वर महतो ने बताया कि परिजन और ग्रामीण कंपनी परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं और जब तक संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक काम बंद रहेगा तथा कंपनी गेट पर जाम जारी रहेगा। फिलहाल इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा की जा रही है।

