चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव शांति और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाकुलिया नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से धालभूमगढ़ के पुलिस निरीक्षक मनोज गुप्ता ने थाना प्रभारी संतोष कुमार के साथ क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। पुलिस निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने आम मतदाताओं से अपील की कि मतदान के दिन शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अशांति फैलाने से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।

