दुर्गा पूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस प्रशासन अलर्ट, क्राइम मीटिंग में दिए सख्त निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला: आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने अपने कार्यालय कक्ष में क्राइम मीटिंग की।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को दुर्गा पूजा के दौरान अपराध एवं अपराधियों पर सख्त नकेल कसने, पुराने लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने और फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने अफीम प्रभावित क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को जागरूकता अभियान चलाने का भी आदेश दिया। साथ ही दुर्गा पूजा कमेटियों से सरकारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी में है, लेकिन शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आम नागरिकों और पूजा कमेटियों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

