अफवाहों से बचें, स्पंज आयरन यूनिट नहीं लगेगा : नरसिंह इस्पात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चौका थाना क्षेत्र के खूंटी स्थित नरसिंह इस्पात कंपनी परिसर में शुक्रवार को आयोजित पर्यावरणीय लोक सुनवाई में ग्रामीण दो गुटों में बंटे नजर आए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर उपयुक्त जयवर्धन कुमार ने की, जबकि मौके पर क्षेत्रीय प्रदूषण पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, सहायक वैज्ञानिक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सुनवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने कंपनी पर स्पंज आयरन यूनिट लगाने की योजना बनाने का आरोप लगाया। वहीं, दूसरी ओर कई ग्रामीणों ने रोजगार, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि और विस्थापितों को प्राथमिकता से रोजगार देने की मांग उठाई।

इस पर कंपनी प्रबंधक अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि विस्तार योजना में स्पंज आयरन यूनिट शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में फैलाई जा रही खबरें मात्र अफवाह हैं। कंपनी केवल पिग आयरन प्लांट, सिंटर प्लांट और कैप्टिव पावर प्लांट की क्षमता बढ़ाने, साथ ही डक्टाइल आयरन पाइप प्लांट और ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना करने जा रही है।

प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि परियोजना से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा। किसी भी अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण नहीं होगा। इधर, जेएलकेएम नेता तरुण महतो समर्थकों के साथ कंपनी गेट पर डटे रहे। अधिकारियों और प्रबंधन की अपील के बावजूद वे अंदर कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।


