अलविदा रीतेश… एक जुझारू कैमरामैन को अंतिम सलाम :अन्नी अमृता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अलविदा रीतेश…
आप अब परमात्मा की शरण में चले गए हैं। यकीन है, आप अपार शांति में होंगे। ईश्वर आपके परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दे।

पत्रकारिता के सफर में बतौर कैमरामैन आपका योगदान अविस्मरणीय है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मेरा चेहरा जितनी बार दिखा, उसके पीछे आपकी मेहनत, साहस और कर्मठता रही। आप सिर्फ कैमरा नहीं चलाते थे, बल्कि अपनी सतर्कता और मिलनसारिता से खबरों की गहराई तक पहुंचते थे।

जोखिम भरी रिपोर्टिंग में आपका हौसला बेमिसाल था। याद है, जब एक कवरेज के दौरान हम घिर गए थे, कैमरे पर हमला हुआ, पर आपने चालाकी से सब रिकॉर्ड किया। उसी वीडियो ने न सिर्फ जांच शुरू करवाई, बल्कि सच्चाई सामने आई। ईटीवी के जमशेदपुर ब्यूरो हेड प्रदीप सिंह समेत तमाम पूर्व सहकर्मी और पत्रकार साथी आज आपको नम आंखों से याद कर रहे हैं

पार्वती घाट पर शुक्रवार को आपका अंतिम संस्कार हुआ। बेटे रितिक राज ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। इस दुख की घड़ी में भाजपा प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू समेत कई लोग मौजूद रहे। एक साहसी साथी और सशक्त सहयोगी को अंतिम सलाम… विनम्र श्रद्धांजलि।


