सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान, 98 हजार से अधिक का जुर्माना वसूला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने गालूडीह, डिमना चौक एवं नेशनल हाईवे के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) श्री सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में संचालित किया गया।
जांच के दौरान बसों और मैजिक वैन में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, सुरक्षा मानकों तथा वाहन दस्तावेजों की सघन जांच की गई। नेशनल हाईवे पर 80 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिसमें ओवरलोडिंग के आरोप में दो बसों और तीन मैजिक वैन पर कार्रवाई करते हुए कुल 98 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एमवीआई श्री सूरज हेंब्रम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। प्रशासन का उद्देश्य जुर्माने के साथ-साथ लोगों को जागरूक कर सड़कों को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

