चतरा में 16 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, घर में छिपाकर रखी गई थी सवा तीन किलो अफीम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कुन्दा थाना क्षेत्र के टिटही भरगाँव में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध गीला अफीम बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जो अपने घर से ही नशे का अवैध व्यापार संचालित कर रहा था। एसपी अनिमेश नैथानी नें बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टिटही भरगाँव निवासी नन्दकिशोर गंझू अपने घर में भारी मात्रा में अवैध अफीम छिपाकर रखे हुए है और इसे बाहर भेजने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया, नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नन्दकिशोर गंझू के घर पर छापा मारा, जहाँ से 3 किलो 264 ग्राम गीला अफीम बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मौके से तस्कर को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है। एसपी नें बताया कि जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है। अभियान में सिमरिया एसडीपीओ के साथ कुन्दा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह व एसआई नागेश्वर पंडित समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधीक्षक नें कड़े शब्दों में कहा कि जिले में तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने माफियाओं को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि चतरा जिला अब अफीम तस्करों के लिए सुरक्षित नहीं है। हमारी टीम प्रोफेशनल तरीके से काम कर रही है और इसी का नतीजा है कि निरंतर सफलता भी मिल रही है। निरंतर अभियान ड्रग-फ्री चतरा के हमारे संकल्प को दर्शाती है। हम केवल तस्करों को ही नहीं पकड़ रहे, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों को भी ध्वस्त कर रहे हैं। अफीम की खेती या व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

