राष्ट्रकवि दिनकर के पैत्रिक आवास पर सिमरिया की बहू और जमशेदपुर की बेटी अंकिता कुमारी का हुआ भव्य अभिनंदन, JPSC में रैंक 30 लाने पर हुई सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राष्ट्रकवि स्व. रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जन्मभूमि सिमरिया ग्राम (बेगूसराय) एक बार फिर गौरव से आलोकित हुआ जब दिनकर परिवार ने JPSC 2023 में रैंक 30 हासिल करने वाली सिमरिया की बहू और जमशेदपुर की बेटी अंकिता कुमारी का भव्य अभिनंदन किया। दिनकर जी के पैत्रिक आवास पर उनकी पुत्रवधु श्रीमती कल्पना सिंह एवं पौत्र रित्विक उदायन ने अंकिता को सम्मानित कर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर पूरा गाँव गर्व और हर्ष से अभिभूत दिखा। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा अंतिम परिणाम प्रकाशन के बाद पहली बार अंकिता सिमरिया पहुंचीं है। उन्हें ‘झारखंड प्रशासनिक सेवा’ (JAS) में योगदान देना है।

अंकिता कुमारी का मायका जमशेदपुर स्थित टेल्को खड़ंगाझार है। उनके पति कन्हैया कुमार टाटा मोटर्स (जमशेदपुर) में सीनियर मैनेजर हैं। अंकिता भाजपा नेता अंकित आनंद की बड़ी बहन भी हैं। सम्मानित होने के बाद अंकिता ने इसे आत्मीय क्षण बताते हुए कहा— “राष्ट्रकवि दिनकर न सिर्फ करोड़ों भारतीयों के बल्कि मेरे भी प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनकी पंक्ति ‘सौभाग्य न सब दिन सोता है, देखे आगे क्या होता है’ ने मुझे हर असफलता में हौसला दिया। रश्मिरथी और कुरुक्षेत्र जैसी कृतियों ने हमेशा मेरे मनोबल को बल प्रदान किया।”

अंकिता ने कहा कि दिनकर ग्राम सिमरिया में विवाह होना उनके लिए सौभाग्य की बात है और अब पैत्रिक आवास में दिनकर परिवार के हाथों सम्मान पाना जीवन का अविस्मरणीय क्षण है।
इस अवसर पर दिनकर जी की पुत्रवधु श्रीमती कल्पना सिंह ने कहा— “अंकिता की सफलता पूरे सिमरिया और दिनकर परिवार के लिए गर्व का विषय है। उनके भीतर दिनकर जी की कृतियों की प्रेरणा झलकती है, यही हमारी सबसे बड़ी खुशी है।”
इस दौरान अंकिता के पति कन्हैया कुमार, तीन वर्षीय पुत्री संस्कृति श्रृंगारिका, ससुर विश्वनाथ सिंह, गोपाल जी समेत अन्य परिजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

