चांडिल श्याम मंदिर में फूलों की होली: भजनों की धुन पर झूमे श्याम भक्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। रंगों के महापर्व होली के अवसर पर श्री श्याम कला भवन के तत्वावधान में श्याम मंदिर चांडिल परिसर में “फूलों की होली श्याम के संग” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भजनों की अमृत वर्षा के बीच श्याम भक्त झूमते-नाचते नजर आए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली पर्व की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान भजन गायक रवि शर्मा और गिरी कुंडू ने कई भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। “होलिया में उड़े रे गुलाल, श्याम तेरे मंदिर में” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में बाबा श्याम के जयकारे लगाते रहे।
शाम सात बजे से ही मंदिर परिसर में श्याम प्रेमियों की भीड़ उमड़ने लगी। सभी श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य देव बाबा श्याम को रंग लगाकर होली का आनंद लिया। इस अवसर पर बाबा श्याम को विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण और भी मनमोहक हो गया।
मौके पर कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और यह प्रेम व भाईचारे का संदेश देता है।
कार्यक्रम में कला भवन के पुजारी सुभाष शर्मा, श्रवण जालान, दुर्गा चौधरी, राजीव साव, श्रवण जालान, सरोज जालान, अश्विनी शर्मा, मोनिका जालान, वंदना मुनका, सुमन जालान, बिकास रूंगटा, बाबूलाल सुल्तानिया सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद थे।

